इंदौर में बदमाशों का खौफ! मोमोज दुकानदार पर उड़ेला खौलता तेल, चाकू लहराकर मचाया उत्पात

इंदौर के हीरानगर में बदमाशों ने रंगदारी न देने पर मोमोज दुकानदार पर खौलता तेल उड़ेल दिया। वहीं भंवरकुआं में स्कूटर टकराने पर 3 लोगों से मारपीट की गई।

Sep 18, 2026 - 10:42
0
इंदौर में बदमाशों का खौफ! मोमोज दुकानदार पर उड़ेला खौलता तेल, चाकू लहराकर मचाया उत्पात

इंदौर। बजरंग नगर में बुधवार को बेखौफ बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने एक मोमोज दुकान संचालक के साथ न केवल बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उस पर कढ़ाई से खौलता हुआ तेल उड़ेल दिया। हीरानगर थाना पुलिस के अनुसार आरोपी शुभम पंडित, अमन गेले और उसके दो अन्य साथी फरियादी समीर मोरे से अवैध रूप से रुपयों (रंगदारी) की मांग कर रहे थे। बदमाशों ने पास ही स्थित एक अन्य दुकान संचालक हर्ष गणगोरे को भी जान से मारने की धमकी दी।

🔪 अश्लील गालियां देकर लहराए चाकू, मौके पर मची अफरातफरी

रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने तुरंत चाकू निकाल लिया और हर्ष पर हमले का प्रयास किया। इसी दौरान एक आरोपी ने कढ़ाई से गर्म तेल समीर पर उड़ेल दिया, जिससे समीर की पीठ, हाथ और शरीर के अन्य हिस्से बुरी तरह झुलस गए।

घटना के समय दुकान पर महिलाएं और छोटे बच्चे भी मौजूद थे। बदमाशों ने दुकान में रखा सामान उठाकर फेंकना शुरू कर दिया, खुलेआम चाकू लहराए और अश्लील गालियां दीं। काफी देर तक पुलिस के न पहुंचने से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और लोग डरकर अपने घरों में दुबक गए। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

🛵 भंवरकुआं में स्कूटर टकराने पर खूनी झड़प: बुजुर्ग समेत तीन लोगों पर चाकू से हमला

भंवरकुआं क्षेत्र के भोलाराम उस्ताद मार्ग पर बुधवार रात स्कूटर टकराने की बात को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद बेखौफ युवकों ने एक बुजुर्ग सहित तीन लोगों की जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने ब्रह्मपुरी कॉलोनी निवासी 66 वर्षीय बुजुर्ग संजय हार्डिया की शिकायत पर आरोपी तेजपुर गड़बड़ी निवासी निखार, चेतन परमार और महावेंद्र पगारे के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

💍 बचाव में आए बुजुर्ग पर किया वार, सोने की चेन भी टूटी

पुलिस के मुताबिक घटना उस समय हुई जब संजय हार्डिया अपनी किराना दुकान बंद कर घर लौट रहे थे और रास्ते में अपने भाई विनोद हार्डिया से बात करने लगे। इसी बीच स्कूटर से तेज गति में गुजर रहे युवकों ने वहां खड़े कृष्णा नाम के युवक को टक्कर मार दी।

जब आरोपियों ने कृष्णा से मारपीट शुरू की, तो बचाव करने पहुंचे संजय और विनोद पर भी आरोपियों ने हमला बोल दिया। आरोप है कि विनोद के पेट और हाथ पर चाकू से वार किया गया, जिससे वे घायल हो गए। इस झड़प के दौरान विनोद की सोने की चेन भी टूटकर गिर गई। फिलहाल पुलिस सभी फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User