मध्यप्रदेश ग्रोथ कॉन्क्लेव 2025: शहरी विकास और रियल एस्टेट में निवेश को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री मोहन यादव होंगे शामिल
मध्यप्रदेश ग्रोथ कॉन्क्लेव 2025: शहरी विकास और रियल एस्टेट में निवेश को मिलेगा नया आयाम इंदौर में सीएम मोहन यादव करेंगे उद्घाटन, देशभर के निवेशक होंगे शामिल
इंदौर (योगेश राठौर) मध्यप्रदेश सरकार अब शहरी विकास और रियल एस्टेट सेक्टर में निवेश को एक नया आयाम देने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में "मध्यप्रदेश ग्रोथ कॉन्क्लेव 2025 - सिटीज ऑफ टुमॉरो" का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण आयोजन का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे, जिसमें वे देशभर से आए निवेशकों से सीधा संवाद भी करेंगे।
1500 से अधिक निवेशक उद्योगपति और कॉर्पोरेट होंगे शामिल
इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य प्रदेश में शहरी बुनियादी ढांचे, तकनीकी नवाचार और रियल एस्टेट में निवेश के अवसरों को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में देशभर से 1500 से ज्यादा निवेशक, उद्योगपति और कॉर्पोरेट प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव दोपहर 1:30 बजे प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे, इसके बाद विशिष्ट अतिथियों के साथ बैठक करेंगे। कॉन्क्लेव की औपचारिक शुरुआत 3 बजे दीप प्रज्ज्वलन से होगी।
इस अवसर पर नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, नगरीय प्रशासन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और देश की प्रमुख संस्थाएं जैसे क्रेडाई, नगर निगम, स्मार्ट सिटी, मेट्रो रेल प्रोजेक्ट, हाउसिंग बोर्ड और एलआईसी भी मौजूद रहेंगी। कॉन्क्लेव के दौरान चार तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे जिनमें आधुनिक शहरी तकनीक, हरित विकास, ट्रैफिक सिस्टम और भविष्य के शहरों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे ब्रोशर लॉन्च
मुख्यमंत्री डॉ. यादव MP लॉकर और ET अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन समिट 2025 का ब्रोशर भी लॉन्च करेंगे। इसके अलावा इस कार्यक्रम में निवेश संबंधी एमओयू साइनिंग, "सौगात" पहल का अनावरण और निवेशकों को प्रशस्ति-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए कुछ लघु फिल्में भी प्रदर्शित की जाएंगी।
8 लाख से अधिक आवास बन चुके हैं 10 लाख से अधिक आवास निर्माणाधीन
प्रदेश में वर्तमान में कई अहम शहरी विकास परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें मेट्रो प्रोजेक्ट, ई-बस सेवा, मल्टीमॉडल ट्रांजिट हब, अफोर्डेबल हाउसिंग, स्वच्छ ऊर्जा समाधान और स्मार्ट रोड परियोजनाएं शामिल हैं। अब तक प्रदेश में 8.32 लाख से अधिक किफायती आवास बन चुके हैं जबकि 10 लाख से अधिक आवास निर्माणाधीन हैं। इन परियोजनाओं में लगभग 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश संभावित है, जो प्रदेश की शहरी तस्वीर को नई दिशा देगा।
"मध्यप्रदेश ग्रोथ कॉन्क्लेव 2025" राज्य को एक स्मार्ट, सतत और निवेशक अनुकूल शहरी विकास की ओर अग्रसर करेगा। मुख्यमंत्री की अगुवाई में यह कॉन्क्लेव एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो सकता है, जिससे मध्यप्रदेश की शहरी आकांक्षाओं को नई उड़ान मिलेगी।
What's Your Reaction?