हमीदिया अस्पताल से भदभदा तक डॉक्टरों की रैली, जल्द मांगें नहीं मानीं तो तेज होगा आंदोलन

मध्य प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों के MBBS इंटर्न्स ने स्टाइपेंड 14,337 से बढ़ाकर 30,000 रुपये करने की मांग को लेकर भोपाल में बाइक रैली निकाली। 23 जुलाई से कार्य बहिष्कार जारी है।

Jul 26, 2026 - 14:38
0
हमीदिया अस्पताल से भदभदा तक डॉक्टरों की रैली, जल्द मांगें नहीं मानीं तो तेज होगा आंदोलन

भोपाल: मध्य प्रदेश के शासकीय और निजी चिकित्सा महाविद्यालयों (मेडिकल कॉलेजों) के एमबीबीएस (MBBS) इंटर्न्स एवं भावी इंटर्न्स ने शनिवार को इंटर्न स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर भोपाल में एक शांतिपूर्ण जागरूकता बाइक रैली निकाली।

🏍️ स्टाइपेंड 30 हजार करने की मांग को लेकर रैली

यह रैली हमीदिया अस्पताल से शुरू होकर भदभदा चौराहा तक गई और पुनः हमीदिया अस्पताल पहुंचकर समाप्त हुई। रैली का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में वर्तमान में दिए जा रहे 14,337 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड को बढ़ाकर 30,000 रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग को सरकार और आमजन तक पहुंचाना था।

📄 ज्ञापन सौंपने के बाद भी नहीं मिला ठोस आश्वासन

इंटर्न्स का कहना है कि मध्य प्रदेश में देश के कई राज्यों की तुलना में सबसे कम स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जबकि कार्य की जिम्मेदारियां उनके समान ही हैं। आंदोलनकारी इंटर्न्स ने बताया कि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, वित्त मंत्री, चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री, अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा शिक्षा), अपर मुख्य सचिव (वित्त), आयुक्त चिकित्सा शिक्षा और संचालक चिकित्सा शिक्षा सहित सभी संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय या लिखित आश्वासन नहीं मिला है।

⚕️ 23 जुलाई से OPD और वार्ड सेवाओं का बहिष्कार जारी

इंटर्न्स ने बताया कि 23 जुलाई से उनका कार्य स्थगित आंदोलन जारी है। इसके तहत ओपीडी (OPD), वार्ड और प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की नियमित सेवाओं का बहिष्कार किया जा रहा है। हालांकि, गंभीर मरीजों की सुविधा को देखते हुए आपातकालीन सेवाएं (इमरजेंसी) पूर्ववत संचालित की जा रही हैं।

आंदोलनकारी इंटर्न्स ने सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से इस आंदोलन को और उग्र रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User