बागेश्वर धाम में पंडित धीरेंद्र शास्त्री देंगे दीक्षा, सुरक्षा में तैनात 4 जिलों की पुलिस
छतरपुर के बागेश्वर धाम में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर 3 दिवसीय दीक्षित शिष्य समागम शुरू हो गया है। पंडित धीरेंद्र शास्त्री से आशीर्वाद लेने लाखों भक्त पहुंचे हैं।
छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में 9 दिवसीय गुरु पूर्णिमा के अवसर पर रविवार को 3 दिवसीय दीक्षित शिष्य समागम शुरू हो गया है। इसमें शामिल होने के लिए देश और विदेश से लाखों भक्त पहुंचे हैं। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सैकड़ों भक्तों के बाबा बागेश्वर से दीक्षा लेने की उम्मीद है। धाम में उमड़ने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए चार जिलों की पुलिस तैनात की गई है।
🙏 दीक्षित शिष्यों को मिलेगा आशीर्वाद
सिद्ध संतों की तपस्थली बागेश्वर धाम में नौ दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव के तहत रविवार से तीन दिनों तक दीक्षित शिष्यों का भव्य समागम शुरू हुआ है। देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु गुरु कृपा प्राप्त करने और आध्यात्मिक साधना में सहभागी बनने के लिए धाम पहुंच रहे हैं। बाबा बागेश्वर (पंडित धीरेंद्र शास्त्री) से दीक्षित होने वाले शिष्यों का तीन दिनों तक समागम होगा। महाराज श्री अपने सभी दीक्षित शिष्यों से भेंट कर उन्हें आशीर्वाद देंगे।
🕉️ बालाजी महाराज के दरबार में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
यह अपने आप में एक अनूठा कार्यक्रम है। महोत्सव के शुरुआती तीन दिन मंत्र दीक्षा के लिए निर्धारित किए गए हैं। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने इन तीन दिनों में डेढ़ हजार से अधिक आस्थावानों को मंत्र दीक्षा दी। धीरेंद्र शास्त्री ने करीब तीन घंटे तक दिव्य दरबार लगाया, जिसमें श्रद्धालुओं की दैहिक, दैविक और भौतिक समस्याओं का समाधान किया गया। इस दौरान प्रेत दरबार भी लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते दर्शन से लेकर भंडारे तक लंबी कतारें देखने को मिलीं। लाखों श्रद्धालुओं ने बालाजी महाराज के दरबार में हाजिरी लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
👮 सुरक्षा में चार जिलों की पुलिस तैनात
बागेश्वर धाम में चल रहे गुरु पूर्णिमा महोत्सव की सुरक्षा में चार जिलों की पुलिस मुस्तैद है, ताकि यहां आने वाले देश-विदेश के भक्तों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। बमीठा थाना प्रभारी बाल्मिक चौबे ने बताया, "सागर, दमोह, टीकमगढ़ और छतरपुर का पुलिस बल सुरक्षा में लगाया गया है। फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस सहित सुरक्षा की अन्य पुख्ता व्यवस्थाएं की गई हैं।"
⛺ कथा पंडाल के पास पुलिस सहायता केंद्र स्थापित
थाना प्रभारी ने आगे बताया, "पहले से लगे सीसीटीवी कैमरों के अलावा बागेश्वर जन सेवा समिति द्वारा और भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके। पुलिस बल दो शिफ्ट में ड्यूटी कर रहा है। पहली शिफ्ट के प्रभारी निरीक्षक दीपक शर्मा हैं और दूसरी शिफ्ट के प्रभारी निरीक्षक संदीप दीक्षित बनाए गए हैं। आने वाले समय में भीड़ के और बढ़ने की संभावना है, जिसको ध्यान में रखकर लगातार व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कथा पंडाल के पास एक पुलिस सहायता केंद्र भी स्थापित किया गया है, ताकि लोग आवश्यकता पड़ने पर अपनी समस्या बता सकें।"
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)