25 लाख की लागत से बन रही इमारत भरभराकर गिरी, बाल-बाल बचे मजदूर; ग्रामीणों में भारी आक्रोश
डिंडौरी के चटुवा गांव में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन की छत गिरी। हादसे में मजदूर दबे, गुणवत्ताहीन निर्माण पर कलेक्टर ने इंजीनियर और पंचायत अधिकारियों को घेरा।
डिंडौरी। डिंडौरी विकासखंड के ग्राम चटुवा में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन की छत ढलाई के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। 25 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस भवन की छत अचानक भरभराकर नीचे गिर गई, जिससे मलबे में दबकर दो मजदूर घायल हो गए। हादसे के वक्त दो अन्य मजदूरों ने लकड़ी की बल्लियों का सहारा लेकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों ने इस हादसे के पीछे निर्माण कार्य में भारी गुणवत्ताहीन सामग्री के उपयोग का आरोप लगाया है।
⚡ कलेक्टर की सख्ती: इंजीनियर और पंचायत सचिव को नोटिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए डिंडौरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने संबंधित एई (AE), इंजीनियर फिरोज खान सहित पंचायत के जिम्मेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही, इंजीनियर, सरपंच और सचिव को कार्यालय तलब कर जमकर फटकार लगाई गई है। चर्चाएं यह भी हैं कि इस घोर लापरवाही के चलते संबंधितों की सेवा समाप्ति जैसी बड़ी कार्रवाई भी की जा सकती है।
🛠️ गुणवत्ता पर उठे सवाल: ठेकेदार की मनमानी
ग्रामीण प्रकाश चंदेल ने बताया कि राज्य वित्त आयोग की लगभग 25 लाख की लागत से यह भवन बनाया जा रहा था, लेकिन ग्राम पंचायत ने काम ठेके पर दे दिया था। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा स्थानीय मजदूरों के बजाय बाहरी मजदूरों से काम करवाया जा रहा था और शुरुआत से ही निर्माण की गुणवत्ता बेहद खराब थी। ग्रामीणों का दावा है कि यदि समय रहते प्रशासन ने ध्यान दिया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था।
🏥 आरोपों का दौर: इंजीनियर पर लगे गंभीर आरोप
हादसे के बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। मजदूरों का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद इंजीनियर घटनास्थल से चले गए थे, हालांकि इंजीनियर फिरोज खान ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि घायलों को समय रहते अस्पताल भिजवा दिया गया था। कलेक्टर ने स्पष्ट कर दिया है कि निर्माण कार्यों में इस तरह की मनमानी और भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)